
गुरुग्राम पुलिस और STF ने बुधवार को संयुक्त कार्रवाई करते हुए बॉलीवुड गायक राहुल फाज़िलपुरिया की हत्या की साज़िश को नाकाम कर दिया। मुठभेड़ के दौरान 5 शूटर गिरफ्तार किए गए, जिनमें से चार को पैरों में गोली लगी। सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर दीपक नंदल और रोहित सिरधाना ने फाज़िलपुरिया को निशाना बनाने के लिए शूटर भेजे थे। इससे पहले भी गायक पर हमला हो चुका है, जबकि उनके वित्तीय सहयोगी की हत्या पहले ही की जा चुकी है।
STF और क्राइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिली थी कि गैंगस्टर जल्द ही वारदात को अंजाम देने वाले हैं। इसके बाद पुलिस की आधा दर्जन टीमों ने पटौदी रोड स्थित वज़ीरपुर इलाके में नाकेबंदी की। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोकने की कोशिश की गई। कार में सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की।
मुठभेड़ में चार अपराधी घायल हुए और सभी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं।









