
उड़िया संगीत जगत के लोकप्रिय गायक अभिजीत मजूमदार इस समय गंभीर स्वास्थ्य संकट से जूझ रहे हैं। 54 वर्षीय गायक को एम्स भुवनेश्वर में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है, हालांकि रिपोर्ट्स के मुताबिक वे कोमा में चले गए हैं।
अभिजीत की तबीयत सबसे पहले 27 अगस्त को गणेश पूजा के दौरान मंच पर प्रदर्शन करते समय बिगड़ी थी। अचानक उनकी सेहत गिरने के बाद जांच में सामने आया कि उनके शरीर में पोटैशियम की कमी है। इसके बाद उन्हें 31 अगस्त को कटक के सीडीए क्षेत्र के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें एम्स शिफ्ट करना पड़ा।
डॉक्टरों का कहना है कि शुरुआत में उन्हें लीवर संबंधी समस्या के कारण भर्ती कराया गया था, लेकिन बाद में स्थिति गंभीर होती चली गई। अब एम्स में विशेषज्ञ उनकी हर पल निगरानी कर रहे हैं।
प्रशंसक चिंतित, सोशल मीडिया पर दुआओं की लहर
अभिजीत की खराब हालत की खबर फैलते ही प्रशंसकों और शुभचिंतकों में चिंता की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर लोग लगातार उनकी जल्दी स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
संगीत में लंबा योगदान
अभिजीत मजूमदार उड़िया संगीत उद्योग का एक बड़ा नाम हैं। उन्होंने अपने करियर में अब तक 700 से अधिक गीत गाए हैं। उनकी लोकप्रियता केवल ओडिशा तक सीमित नहीं, बल्कि देश-विदेश में बसे उड़िया समुदाय के बीच भी उनका गहरा प्रभाव है।









