
बठिंडा:
शहर में नकली ब्रांडेड जूतों की बिक्री का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस और Adidas तथा Nike के अधिकारियों की संयुक्त कार्रवाई में दुकानदार के यहां से लगभग 800 नकली जूते जब्त किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, आरोपी दुकानदार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से कम कीमत में ब्रांडेड जूते बेचने का दावा करता था और ग्राहकों को आकर्षित कर धोखाधड़ी कर रहा था। यह मामला तब उजागर हुआ जब ब्रांड कंपनियों को इसकी सूचना मिली और उन्होंने कोतवाली पुलिस के साथ संपर्क किया।
इसके बाद, कंपनी के कर्मचारियों और पुलिस टीम ने मिलकर दुकानदार के स्टोर पर छापा मारा, जहां बड़ी मात्रा में नकली Nike और Adidas जूते बरामद किए गए। कंपनी अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के ऑनलाइन फ्रॉड से न केवल ग्राहकों को नुकसान होता है, बल्कि ब्रांड की प्रतिष्ठा भी प्रभावित होती है।









