
दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी। टीम इंडिया ने 128 रनों का मामूली लक्ष्य मात्र 15.5 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया और सात विकेट से जीत दर्ज की।
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फैसला किया, लेकिन भारतीय गेंदबाज़ों ने शुरू से ही दबाव बना दिया। नतीजा यह रहा कि पाकिस्तानी टीम निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट खोकर केवल 127 रन ही बना सकी। कुलदीप यादव और अक्षर पटेल ने पाकिस्तान की बल्लेबाज़ी की कमर तोड़ दी। कुलदीप ने तीन और अक्षर ने दो अहम विकेट चटकाए। वहीं, जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या ने शुरुआती विकेट लेकर पाकिस्तान की पारी को गहरे संकट में डाल दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत तेज़ रही। हालांकि शुभमन गिल सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन इसके बाद अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने 31-31 रनों की उपयोगी पारियां खेलीं। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जिम्मेदारी संभाली और नाबाद 47 रन बनाकर टीम को जीत की मंज़िल तक पहुंचाया। शिवम दुबे 10 रन बनाकर नाबाद लौटे।
यह जीत सिर्फ क्रिकेट मैदान तक सीमित नहीं रही। कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इसे भारतीय सशस्त्र बलों को समर्पित किया और कहा कि यह जीत “ऑपरेशन सिंधूर” को सफल बनाने वाले वीर जवानों के नाम है।
इस जीत के साथ भारत ने ग्रुप-ए में लगातार दूसरी जीत दर्ज की और चार अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। टीम अब 19 सितंबर को ओमान के खिलाफ अपना अंतिम ग्रुप मैच खेलेगी।









