
चंडीगढ़: भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (BBMB) की तकनीकी समिति की बैठक में शुक्रवार को बड़ा फैसला लिया गया। बैठक के दौरान पंजाब सरकार ने भाखड़ा डैम से एक बार में अधिक मात्रा में पानी छोड़ने का सख्त विरोध किया।
BBMB की ओर से 70 हजार क्यूसेक पानी छोड़ने का प्रस्ताव रखा गया था, लेकिन पंजाब ने सुरक्षा और जल प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए केवल 5 हजार क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़ने की अनुमति दी। सहमति बनने के बाद अब डैम से कुल 45 हजार क्यूसेक पानी ही छोड़ा जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता बोर्ड चेयरमैन मनोज त्रिपाठी ने की, जिसमें पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। चर्चा के दौरान डैम की सुरक्षा और मौजूदा जल स्तर को लेकर चिंताएं सामने आईं।
गौरतलब है कि इस समय भाखड़ा डैम का जल स्तर 1677 फीट तक पहुंच चुका है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम और वर्षा की स्थिति को देखते हुए जल प्रबंधन की लगातार समीक्षा की जाएगी।









