
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाबवासियों को बड़ी सौगात देते हुए मुहाली-राजपुरा रेल लिंक और फिरोजपुर-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत का ऐलान किया है।
👉 50 साल पुरानी मांग हुई पूरी
मुहाली-राजपुरा रेल लिंक की मांग पिछले 5 दशकों से अटकी हुई थी। अब यह परियोजना हकीकत बनने जा रही है। इस लिंक के लिए रेलवे को करीब 54 हेक्टेयर जमीन की जरूरत होगी, जिसे पंजाब सरकार अधिग्रहित कर केंद्र को सौंपेगी। इसके बन जाने से चंडीगढ़ सीधे मालवा क्षेत्र (राजपुरा, पटियाला, संगरूर आदि) से जुड़ जाएगा।
👉 वंदे भारत से दिल्ली का सफर होगा आसान
केंद्रीय मंत्रियों ने बताया कि फिरोजपुर-नई दिल्ली वंदे भारत ट्रेन इस सप्ताह हरी झंडी दिखाकर शुरू की जाएगी। यह ट्रेन बुधवार को छोड़कर हफ्ते के सभी दिन चलेगी। ट्रेन का मार्ग होगा— फिरोजपुर, बठिंडा, धूरी, पटियाला, अंबाला होते हुए नई दिल्ली। इसके शुरू होने से पूरे मालवा क्षेत्र को राष्ट्रीय राजधानी से तेज और सुविधाजनक रेल संपर्क मिलेगा।
👉 चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन का होगा कायाकल्प
रेल मंत्री ने यह भी घोषणा की कि चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास 2026-27 तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं से लैस स्टेशन की सौगात मिलेगी।









