पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा ने बड़ा ऐलान कर दिया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि 2027 के विधानसभा चुनावों में पंजाब में एनडीए की सरकार बनेगी। शाह ने दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान ये बयान दिया है। शाह के इस बयान के बाद सियासी गलियारों में शिरोमणि अकाली दल के साथ भाजपा के गठबंधन की चर्चाएं बढ़ गई है।
शाह ने अपने बयान में पंजाब के प्रति अपने दावे को दोहराया, उन्होंने कहा कि 2029 तक पंजाब से नशे का कारोबार खत्म कर देंगे। अमित शाह ने कहा- मैं परसों ही पंजाब गया था। पंजाब में आप सरकार के नेतृत्व में जिस तरह नशे का व्यापार फला-फूला है, पंजाब की जनता ने तय कर लिया है। इस बार वहां एनडीए की सरकार होने वाली है। मेरी बात याद रखना। इसके साथ उन्होंने कहा केजरीवाल कान खोलकर सुन लो। बहाने की राजनीति लंबी नहीं चलती है। रिजल्ट लाने पड़ते हैं। दिल्ली से हार गए। पंजाब में डेरा जमाकर वहां के मुख्यमंत्री को काम नहीं करने देते हो। वहां का काम बिगाड़ रहे हो। मेरी बात ध्यान से सुन लो, अगले चुनाव में आप का सूपड़ा वहां से साफ होने वाला है। हम 2029 तक पंजाब से नशे के व्यापार को खत्म कर देंगे।









