
एल्विश यादव के घर फायरिंग केस में नई गिरफ्तारी: हिमांशु भाऊ गैंग के दो शूटर दबोचे
गुरुग्राम में यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग मामले में जांच आगे बढ़ रही है। पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और शूटर्स को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, जिन दो बदमाशों को पकड़ा गया है उनकी पहचान गौरव और आदित्य के रूप में हुई है। यही दोनों शूटर उस रात एल्विश यादव के घर के बाहर ताबड़तोड़ गोलियां चला रहे थे। घटना सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने उनकी पहचान कर कार्रवाई की।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले हुई इस घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी। पुलिस लगातार हमलावरों की तलाश में जुटी थी और अब दिल्ली पुलिस की टीम ने इन दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान कई अहम राज़ सामने आने की संभावना है, जिससे इस फायरिंग के पीछे की पूरी साजिश का पर्दाफाश हो सकता है।









