लुधियाना में जगराओं के वार्ड 12 में नकली महंत (किन्नर) बनकर लोगों से जबरदस्ती पैसे वसूलने का मामला सामने आया है। कुछ बहरूपिये महिलाओं के कपड़े पहनकर और मेकअप करके महंत बनकर लोगों से जबरदस्ती बधाई के नाम पर पैसे मांग रहे थे। सूचना मिलते ही असली महंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बहरूपियों से उनका एरिया पूछा। जिसका वे सही जवाब नहीं दे पाए और फरार होने लगे, लेकिन लोगों की मदद से उन्हें पकड़ लिया गया। महंतों ने बहरूपियों को सबक सिखाने के लिए पहले जमकर पिटाई की और फिर उनके सिर के बाल काट दिए। महंत समाज की हो रही बदनामी राजू महंत ने बताया कि कुछ युवक महिलाओं के कपड़े पहनकर, चूड़ियां पहनकर और मेकअप करके खुद को महंत बताते हैं। ये लोग बसों में सवारियों से और ढाबों के बाहर कार सवारों को घेरकर पैसे मांगते हैं। इससे महंत समाज की बदनामी होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महंत समाज कभी किसी से जबरदस्ती नहीं करता। वे सिर्फ उन घरों में बधाई लेने जाते हैं, जहां कोई खुशी का मौका होता है। राजू महंत ने बताया कि इस तरह की शिकायतें उन्हें पहले भी मिली थीं।









