Add Your Heading Text Here

HomeIndiaपेंशनर्स के लिए बड़ी खबर, डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट के लिए इस दिन से देश भर में लगेंगे कैंप
पेंशनर्स के लिए बड़ी खबर, डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट के लिए इस दिन से देश भर में लगेंगे कैंप

देश भर के पेंशनर्स के लिए राहत की खबर है. पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग (DoPPW) ने देशभर में एक डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) कैंपेन शुरू करने की घोषणा की है. यह कैंपेन 1 नवंबर से 30 नवंबर 2025 तक देशभर के 1,600 जिलों और उप-मंडल मुख्यालयों में चलाया जाएगा.

इस विशेष कैंप का उद्देश्य यह है कि पेंशनभोगियों को उनके घर के पास ही सुविधा मिले और उन्हें बैंक या सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें. इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) और प्रमुख पेंशन वितरण बैंक इसमें सहयोग कर रहे हैं.

सुपर सीनियर सिटिजन के लिए विशेष सुविधा

जो पेंशनभोगी 80 साल या उससे अधिक आयु के हैं, उनके लिए सरकार ने विशेष प्रावधान रखा है. ऐसे बुजुर्ग 1 अक्टूबर, 2025 से ही लाइफ सर्टिफिकेट जमा कर सकते हैं. इसके लिए बैंकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी शाखाओं को अक्टूबर महीने से DLC सेवाओं के लिए तैयार रखें. इसका मकसद ये है कि बुजुर्गों को सर्दियों की शुरुआत में बार-बार बाहर न जाना पड़े.

मोबाइल से भी जमा कर सकते हैं DLC

अब पेंशनर्स घर बैठे अपने मोबाइल फोन से भी जीवन प्रमाणपत्र जमा कर सकते हैं, वो भी सिर्फ चेहरे की पहचान (Face Authentication) से. यह तरीका खासकर उन लोगों के लिए उपयोगी है जो चल-फिर नहीं सकते या दूर-दराज के इलाकों में रहते हैं. आइए जानते हैं इस सुविधा का इस्तेमाल कैसे कर सकते हैं.

जरूरी ऐप्स इंस्टॉल करें

सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में Google Play Store पर जाकर “Aadhaar Face RD” ऐप इंस्टॉल करें. यह ऐप UIDAI द्वारा जारी किया गया है और फेस स्कैनिंग के लिए जरूरी है. इसके बाद आपको “Jeevan Pramaan” नामक दूसरा ऐप भी इंस्टॉल करना होगा, जो डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जनरेट करने के लिए इस्तेमाल होता है.

ऑपरेटर के तौर पर खुद को रजिस्टर करें

जब दोनों ऐप्स इंस्टॉल हो जाएं, तो ‘Jeevan Pramaan’ ऐप खोलें. यहां सबसे पहले आपको ऑपरेटर रजिस्ट्रेशन करना होगा. इसमें आधार नंबर, मोबाइल नंबर, ईमेल जैसी जानकारी डालनी होगी और फिर OTP के ज़रिए वेरिफिकेशन पूरा करना होगा.

फेस ऑथेंटिकेट कर DLC सबमिट करें

ऑपरेटर रजिस्ट्रेशन के बाद अब असली काम शुरू होता है. पेंशनर के विवरण भरने के बाद, ऐप आपके चेहरे की पहचान करेगा. स्कैनिंग से पहले जरूरी निर्देश स्क्रीन पर आएंगे, उन्हें ध्यान से पढ़ें और स्कैन की अनुमति दें. स्कैन पूरा होते ही स्क्रीन पर एक सफल DLC सबमिट मैसेज दिखेगा, जिसमें प्रमाण ID और PPO नंबर शामिल होगा. आप इस ID के जरिए वेबसाइट पर जाकर अपना सर्टिफिकेट डाउनलोड कर सकते हैं.

About Author

Posted By City Home News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *