पंजाब के मानसा शहर में लगातार 6 घंटे की बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर के अधिकांश हिस्से पानी में डूबा गए हैं। दिल्ली-फिरोजपुर रेलवे लाइन पर स्थित अंडरब्रिज की दीवार ढह गई है।बारिश के कारण शहर के बस स्टैंड चौक, तिकोनी चौक और अंडरब्रिज क्षेत्र में पानी भर गया है। 33 फीट रोड पर बिजली के खंभे और पेड़ों के गिरने से बिजली सप्लाई बाधित हुई है। 10 कोनी क्षेत्र में एक मकान के ढहने से दो महिलाएं घायल हो गईं। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अंडरब्रिज में भरे पानी से रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है।स्थानीय निवासी कामरेड कृष्ण चौहान, भगवंत सिंह और हरप्रीत सिंह ने बताया कि मानसा में हर बारिश के दौरान यही स्थिति बनती है। वीर नगर मोहल्ला और गरीब बस्ती में स्थिति सबसे खराब है। डिप्टी कमिश्नर नवजोत कौर ने कहा कि नगर कौंसिल के कर्मचारी जल्द ही जलभराव की समस्या से निपटने का काम शुरू करेंगे। फिलहाल अत्यधिक पानी भरने के कारण कार्य में बाधा आ रही है।









