लुधियाना जिले की खन्ना और आसपास के क्षेत्रों में डीएपी खाद की किल्लत से परेशान किसानों ने मंगलवार को मार्कफेड ऑफिस का घेराव किया। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उन्हें उचित दामों पर पर्याप्त खाद नहीं मिली, तो वे जीटी रोड जाम कर बड़ा आंदोलन करेंगे। माछीवाड़ा साहिब और समराला से आए किसानों ने बताया कि सोसायटियों से उन्हें खाद उपलब्ध नहीं हो रही है। वहीं, निजी दुकानों पर खाद ऊंचे दामों पर बेची जा रही है, जिससे किसानों को मजबूरन अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है। किसानों ने इसे ‘सीधी लूट’ बताया और प्रशासन पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया। आलू बोने के लिए खाद का इंतजार- किसान किसान नेता हरदीप सिंह ग्यासपुरा ने कहा कि किसान इस समय आलू की बुवाई के लिए खाद का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन लगातार किल्लत के कारण उनकी खेती प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कृषि अधिकारियों ने अब तक किसी भी दुकान की जांच नहीं की है, जो प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। किसानों ने सरकार और कृषि विभाग से तत्काल कार्रवाई कर किसानों की परेशानी दूर करने की अपील की है। उन्होंने दोहराया कि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है, क्योंकि इसकी कमी से पैदावार पर सीधा असर पड़ेगा। किसान नेताओं ने प्रशासन को चेताया है कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो उनका आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।









