
अमेरिका ने 6000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय छात्रों के वीज़े (USA Visa) रद्द कर दिए हैं। जांच में सामने आया कि कई छात्रों ने कानून का उल्लंघन किया, कुछ वीज़ा की अवधि खत्म होने के बाद भी अमेरिका में रुके रहे, जबकि बड़ी संख्या गंभीर अपराधों में लिप्त पाई गई। रद्द किए गए वीज़ों में से लगभग दो-तिहाई यानी करीब 4000 छात्र हमले, चोरी और शराब पीकर गाड़ी चलाने जैसे अपराधों में शामिल थे।
अमेरिकी विदेश विभाग ने यह भी पुष्टि की कि कुछ मामले आतंकवाद से जुड़े थे। वर्ष 2023-24 में 11 लाख से अधिक विदेशी छात्र अमेरिकी कॉलेजों में पढ़ाई कर रहे थे। सरकार को आशंका है कि कई लोग शिक्षा वीज़ा का दुरुपयोग कर रहे हैं, इसी कारण अब वीज़ा नियमों की जांच और सख़्त की जा रही है।
अमेरिका ने आतंकवाद से जुड़े मामलों के कारण 200 से 300 छात्र वीज़े रद्द कर दिए हैं। ये वीज़े इमिग्रेशन और नेशनलिटी एक्ट की उस धारा के तहत रद्द किए गए हैं, जो आतंकवाद और सुरक्षा से संबंधित है। अधिकारियों का कहना है कि इन घटनाओं में न केवल अमेरिकी कानूनों का उल्लंघन हुआ, बल्कि कॉलेज कैंपसों और आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा हुआ। हालांकि, इन मामलों के विस्तृत विवरण सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
इसी बीच, अमेरिकी सरकार लगातार अंतरराष्ट्रीय छात्रों को वीज़ा देने की प्रक्रिया को और कड़ा बना रही है। हाल ही में, अमेरिकी विदेश विभाग ने घोषणा की है कि 2 सितंबर से वीज़ा ड्रॉप बॉक्स सुविधा, यानी इंटरव्यू छूट कार्यक्रम (IWP), को बंद कर दिया जाएगा।









