
कनाडा के ब्रैम्पटन शहर में देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर भारतीय मूल के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। इस हमले में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान सोनू चट्ठा के रूप में हुई है। घायल युवक भी भारतीय मूल का है, हालांकि उसकी पहचान अभी तक सार्वजनिक नहीं की गई है।
घटना के कुछ घंटे बाद बिश्नोई ग्रुप ने इस हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया, हालांकि पुलिस की ओर से इस पर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पील पुलिस की प्रवक्ता सारा पैटन ने बताया कि देर रात पुलिस को कैसलमोर रोड स्थित हंबरवेस्ट पार्कवे के पास एक घर में गोलीबारी की सूचना मिली। जब अधिकारी मौके पर पहुंचे तो दो लोग गोलियों से लहूलुहान हालत में पाए गए। इनमें से सोनू चट्ठा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर स्थिति में अस्पताल में उपचाराधीन है।
पुलिस की शुरुआती जांच में यह मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। अधिकारियों का कहना है कि गोलीबारी को पूरी योजना बनाकर अंजाम दिया गया और घटना के बाद संदिग्ध हमलावर कार में फरार हो गए।
पुलिस ने स्थानीय निवासियों से अपील की है कि वे अपने निगरानी कैमरों की फुटेज की जांच करें और यदि घटना से संबंधित कोई भी सबूत मिले तो उसे पुलिस के साथ साझा करें, ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।









