
बैंकॉक – लंबे इंतज़ार और लगातार तीन नज़दीकी कोशिशों के बाद 28 वर्षीय वीना प्रवीणार सिंह ने इस साल मिस यूनिवर्स थाईलैंड 2025 का ताज जीतकर इतिहास रच दिया है। सराबुरी की ओर से प्रतियोगिता में उतरी वीना ने 23 अगस्त को बैंकॉक के एमजीआई हॉल में आयोजित ग्रैंड फिनाले में 76 प्रतिभागियों को पछाड़ते हुए यह खिताब अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में बैंकॉक की प्रेववानीच ‘प्रेव’ रुआंगथोंग पहली रनर-अप और फुकेट की नारुमोन ‘डेल’ पिम्पाकडी दूसरी रनर-अप रहीं।
वीना का सफ़र आसान नहीं रहा। 16 अप्रैल 1996 को चियांग माई में भारतीय मूल के माता-पिता के घर जन्मीं वीना ने बाद में थाई नागरिकता प्राप्त की। उन्होंने थम्मसाट यूनिवर्सिटी से रूसी भाषा में स्नातक किया। उनकी पेजेंट जर्नी 2018 में शुरू हुई, जब वह दूसरी रनर-अप बनीं। 2020 में उन्होंने खिताब जीतने के और करीब पहुंचते हुए पहली रनर-अप की जगह हासिल की। 2023 में एक बार फिर वह दूसरी रनर-अप रहीं।
लगातार असफलताओं के बावजूद हार न मानने वाली वीना की मेहनत और जुनून ने आखिरकार रंग दिखाया। मिस यूनिवर्स थाईलैंड संगठन ने इंस्टाग्राम पर उनके संघर्ष और उपलब्धि को सराहते हुए लिखा—
“सच्ची कोशिश कभी भी विश्वास करने वाले दिल को धोखा नहीं देती।”









