
बेंगलुरु: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 की विजेता रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने शनिवार को बड़ा ऐलान किया। फ्रेंचाइज़ी ने कहा कि जून में एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ में मारे गए 11 लोगों के परिवारों को 25-25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
यह हादसा 4 जून को उस वक्त हुआ था जब हजारों प्रशंसक टीम की खिताबी जीत के जश्न में स्टेडियम के बाहर इकट्ठा हो गए थे। भीड़ स्टेडियम की क्षमता से कई गुना ज़्यादा थी, जिसके चलते गेट पर भगदड़ मच गई और 11 लोगों की जान चली गई जबकि 50 से अधिक लोग घायल हुए।
RCB का भावुक संदेश
टीम ने सोशल मीडिया पर लिखा –
“4 जून को हमने अपने परिवार के 11 कीमती सदस्यों को खो दिया। उनकी कमी हमेशा महसूस होगी। कोई भी सहायता इस दर्द को मिटा नहीं सकती, लेकिन सम्मान और जिम्मेदारी के तौर पर हम उनके परिवारों को 25-25 लाख रुपये दे रहे हैं। यह हमारी एकजुटता और निरंतर सहयोग का वादा है।”
जांच रिपोर्ट में RCB जिम्मेदार
कर्नाटक सरकार की जांच समिति ने अपनी 17 जुलाई की रिपोर्ट में घटना के लिए RCB प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया था। रिपोर्ट में कहा गया कि टीम ने विजय परेड के लिए औपचारिक अनुमति नहीं ली थी। इसमें यह भी उल्लेख था कि यदि कार्यक्रम अचानक रद्द कर दिया जाता तो शहर में हिंसा और अव्यवस्था फैल सकती थी।
ऐतिहासिक जीत के बाद हुआ था हादसा
गौरतलब है कि RCB ने इस साल फाइनल में पंजाब किंग्स को हराकर 18 साल बाद अपना पहला IPL खिताब जीता था। जीत के अगले ही दिन हजारों फैंस टीम के सम्मान समारोह और बस परेड को देखने पहुंचे। मगर भीड़ नियंत्रण की कमी इस जश्न को त्रासदी में बदल गई।









