
जालंधर/अमृतसर – पंजाब में आई भयंकर बाढ़ के बीच पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ की टीम ने ज़मीनी स्तर पर राहत कार्य संभाल लिया है। टीम के सदस्य प्रभावित गांवों में जाकर लोगों को जरूरी सामान उपलब्ध करा रहे हैं और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाने में मदद कर रहे हैं।
गुरदासपुर, अमृतसर, कपूरथला और होशियारपुर ज़िलों के कई गांवों में टीम ने खाद्य सामग्री, पीने का साफ पानी, कपड़े और दवाइयां बांटीं। इसके साथ ही नावों और वाहनों की मदद से बुजुर्गों और बच्चों को बाढ़ग्रस्त इलाकों से बाहर निकालकर सुरक्षित जगहों पर पहुँचाया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर दिलजीत की इस पहल की खूब सराहना हो रही है। लोगों ने लिखा – “दिलजीत दोसांझ और उनकी टीम ने सच्चे अर्थों में ज़मीनी स्तर पर सेवा की मिसाल पेश की है।” कई यूज़र्स ने अन्य कलाकारों और हस्तियों से भी इसी तरह आगे आने की अपील की है।









