
चंडीगढ़ – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पंजाब के लिए घोषित 1600 करोड़ रुपये के बाढ़ राहत पैकेज को लेकर राजनीति गर्मा गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने इस राहत पैकेज को नाकाफी बताते हुए केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है।
वड़िंग ने कहा कि पंजाब के लोगों को प्रधानमंत्री से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन इस पैकेज ने उन्हें बेहद निराश किया है। उनका कहना है कि इतनी भारी तबाही और नुकसान के सामने 1600 करोड़ रुपये कुछ भी मायने नहीं रखते। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह मदद तो “ऊँट के मुँह में जीरे” जैसी है।
कांग्रेस नेता ने भाजपा सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले 11 सालों में पंजाब को केवल इसलिए दरकिनार किया गया क्योंकि राज्य भाजपा के साथ नहीं खड़ा रहा। वड़िंग ने सवाल उठाया कि जब पंजाब सबसे भीषण प्राकृतिक आपदा से जूझ रहा है, तब भी केंद्र से इस तरह का व्यवहार क्यों किया जा रहा है।









