
नई दिल्ली – एनडीए उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन ने उपराष्ट्रपति चुनाव में शानदार जीत दर्ज की है। मंगलवार को हुए मतदान में उन्हें 452 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी और विपक्ष समर्थित उम्मीदवार बी. सुधर्शन रेड्डी को 300 वोटों पर संतोष करना पड़ा।
नतीजों के साथ ही अब राधाकृष्णन राज्यसभा के सभापति का दायित्व भी संभालेंगे। चुनावी हार के बावजूद रेड्डी ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में आस्था जताते हुए कहा कि वे परिणाम को सम्मानपूर्वक स्वीकार करते हैं। उन्होंने लिखा कि भले ही यह जीत उनके पक्ष में नहीं रही, लेकिन विचारधारा की लड़ाई और मजबूती से जारी रहेगी।
इस बीच, भाजपा खेमे में जश्न का माहौल है। सभी सांसद मंगलवार रात को केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के निवास पर जुटेंगे, जहाँ नए उपराष्ट्रपति का स्वागत किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस मौके पर राधाकृष्णन को बधाई देने पहुँचेंगे।
वहीं, विपक्षी गठबंधन INDIA ने दावा किया था कि उनके उम्मीदवार को 315 वोट मिलेंगे। लेकिन नतीजों ने संकेत दिए हैं कि लगभग 14 से 15 सांसदों ने क्रॉस-वोटिंग की होगी, जिससे सत्तारूढ़ एनडीए को और बढ़त मिली।









