CITY HOME NEWS

Home ∕ Entertainment ∕ पंजाब में बाढ़ पीड़ितों के लिए आगे आए शाहरुख:500 परिवारों को देंगे घरेलू सामान, बच्चों की शिक्षा में मदद करेंगे

पंजाब में हाल ही में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए वॉइस ऑफ अमृतसर (VOA) ने एक बार फिर सेवा का हाथ बढ़ाया है। इस बार शाहरुख खान द्वारा स्थापित मीरा फाउंडेशन भी VOA के साथ मिलकर बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आया है। मीरा फाउंडेशन, जो देशभर में एसिड अटैक पीड़ितों की मदद के लिए जाना जाता है, अब पंजाब में बाढ़ से प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता प्रदान करेगा। VOA द्वारा तैयार परियोजना के अंतर्गत लगभग 500 प्रभावित परिवारों को बिस्तर, गद्दे, गैस स्टोव, पंखे, पानी शुद्ध करने की मशीन, कपड़े और अन्य आवश्यक घरेलू सामान वितरित किए जाएंगे। ये परिवार मुख्य रूप से रावी नदी के किनारे बसे गांवों में रहते हैं और बाढ़ की वजह से उनके घर, सामान तथा रोजगार बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। संस्था का लक्ष्य है कि इन परिवारों को फिर से आत्मनिर्भर बनाने में मदद की जाए और उन्हें जीवन यापन के लिए आवश्यक साधन उपलब्ध कराए जाएं। इससे पहले वॉइस ऑफ अमृतसर ने AIIMS, नई दिल्ली के डॉक्टरों के साथ मिलकर बाढ़ प्रभावित इलाकों में चिकित्सा शिविर लगाए थे। गुरुद्वारा बाबा बूढ़ा साहिब, रामदास, गांव मछीवाड़ा और गांव घनोवाला में लगाए गए इन शिविरों में डॉक्टरों की टीम ने निशुल्क स्वास्थ्य जांच, दवाइयां और परामर्श उपलब्ध कराए। हजारों लोग इन शिविरों का फायदा उठाकर समय पर उपचार प्राप्त कर सके। इस सेवा कार्य में बॉलीवुड के प्रसिद्ध हास्य कलाकार कपिल शर्मा और पंजाबी गायक जसबीर जसी ने भी सहयोग दिया। दोनों ने अपने समर्थन से डॉक्टरों और स्वयंसेवकों का उत्साह बढ़ाया और राहत कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई। बाढ़ प्रभावित बच्चों की शिक्षा में मदद करेगा-VOA
वॉइस ऑफ अमृतसर ने घोषणा की है कि वह “विद्या का लंगर” चलाकर बाढ़ प्रभावित बच्चों की शिक्षा में मदद करेगा। इस पहल के अंतर्गत बच्चों को निशुल्क किताबें, कॉपियां, स्टेशनरी और अन्य शैक्षणिक सामग्री प्रदान की जाएगी। जिन बच्चों को मदद चाहिए, वे संस्था से संपर्क कर सकते हैं। VOA के संस्थापक सदस्य डॉ. राकेश शर्मा और अध्यक्ष इंदु अरोड़ा ने कहा कि कठिन समय में सेवा भाव से आगे आए सभी सहयोगियों का वे दिल से धन्यवाद करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि पंजाब के लोग फिर से अपने पैरों पर खड़े होंगे और बाढ़ जैसी आपदा से उबरकर नई ऊर्जा और उम्मीद के साथ आगे बढ़ेंगे। डॉ. शर्मा ने कहा कि सेवा कार्य केवल राहत देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज को जोड़ने, आत्मनिर्भरता बढ़ाने और मनोबल मजबूत करने का एक प्रयास है। इस पहल से न केवल बाढ़ पीड़ितों को राहत मिलेगी, बल्कि सेवा की भावना, सामाजिक एकजुटता और मानवता का संदेश भी फैलाया जाएगा। समाज के हर वर्ग से अपील की गई है कि वे इस सेवा में अपना योगदान दें और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं। पंजाब के लोगों को भरोसा है कि सेवा, सहयोग और सामूहिक प्रयासों से वे इस संकट से उबरकर पुनः खुशहाल जीवन जी सकेंगे।

About Author

Posted By City Home News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *