Add Your Heading Text Here

HomeWorldडोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगी चार्ली किर्क की गोली मारकर हत्या

अमेरिका में बुधवार रात एक दर्दनाक घटना ने पूरे राजनीतिक और सामाजिक हलके को झकझोर दिया। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगी और रूढ़िवादी संगठन टर्निंग प्वाइंट यूएसए के सह-संस्थापक एवं सीईओ चार्ली किर्क (31) की एक कॉलेज कार्यक्रम के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई।

राज्य के गवर्नर स्पेंसर कॉक्स ने इस घटना को साफ शब्दों में “राजनीतिक हत्या” करार दिया। उन्होंने बताया कि एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है, लेकिन अभी तक औपचारिक आरोप नहीं लगाए गए। कॉक्स ने कहा, “यह हमारे राज्य के लिए एक काला दिन है। हम हर उस व्यक्ति की तलाश में हैं जिसके पास इस गोलीबारी से जुड़ी कोई भी जानकारी है।”

कैसे हुआ हमला?

यूटा अधिकारियों के मुताबिक, हमलावर काले कपड़ों में था और उसने कैंपस की एक छत से फायरिंग की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें किर्क को मंच पर भाषण देते समय अचानक गोली लगने के बाद गिरते हुए देखा जा सकता है। उनकी गर्दन के बाईं ओर से भारी मात्रा में खून बहता दिखाई देता है।

जैसे ही गोली चली, वहां मौजूद छात्र और लोग घबराकर चीखते और भागते नजर आए। बाद में एसोसिएटेड प्रेस ने पुष्टि की कि यह वीडियो वास्तव में यूटा वैली यूनिवर्सिटी कैंपस के सोरेनसन सेंटर का ही था।

ट्रंप का शोक संदेश

पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर किर्क की मौत की पुष्टि की और उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “अमेरिका में युवाओं के दिलों को चार्ली से बेहतर कोई नहीं समझ पाया। वह एक महान व्यक्ति थे।”

राजनीतिक हलकों में आक्रोश

इस हत्या ने अमेरिकी राजनीति में सुरक्षा और राजनीतिक हिंसा पर फिर से बहस छेड़ दी है। किर्क लंबे समय से युवाओं के बीच एक प्रभावशाली आवाज माने जाते थे और ट्रंप कैंप के सबसे भरोसेमंद चेहरों में से एक थे।

About Author

Posted By City Home News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *