
चंडीगढ़। पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा लगाए जा रहे जन-कल्याण कैंपों को रोकने के लिए मान सरकार की ओर से की गई कार्रवाई ने सियासी माहौल को और गरमा दिया है। भाजपा ने सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों को दबाने का आरोप लगाया है।
भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि सोमवार को राज्यभर में 28 स्थानों पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। वहीं, 8 जगहों पर पुलिस ने कैंप का सामान तक जब्त कर लिया।
गिरफ्तार किए गए नेताओं में पटियाला से परनीत कौर, गिद्दड़बाहा से पूर्व मंत्री मनप्रीत बादल, फाजिल्का से पूर्व मंत्री सुरजीत ज्याणी, जालंधर से के.डी. भंडारी और सुशील रिंकू, लुधियाना देहाती के जिला प्रधान सनी कैथ, जीवन गुप्ता, मोगा से हरजोत कमल, गुरदासपुर से सीमा देवी और एस.सी. मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एस.आर. लधड़ समेत कई अन्य प्रमुख नेता शामिल हैं।
अश्वनी शर्मा ने स्पष्ट आरोप लगाया कि यह कार्रवाई केवल लोगों को केंद्र सरकार की योजनाओं से वंचित रखने के मकसद से की गई है। उन्होंने कहा, “मान सरकार पुलिस बल का इस्तेमाल कर हमारा हौसला नहीं तोड़ सकती। हमारा मिशन है कि केंद्र की योजनाओं का लाभ हर गरीब और जरूरतमंद तक पहुंचे। हम किसी भी हालात में अपने जन-कल्याण कैंप बंद नहीं करेंगे।”









