
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की, जबकि पाकिस्तान ने भी अपने 17 सदस्यीय दल की घोषणा कर दी है। टूर्नामेंट 9 सितंबर से शुरू हो रहा है, और भारत-पाकिस्तान का मुकाबला 14 सितंबर को खेला जाएगा। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही दोनों देशों ने अपनी-अपनी टीमों का ऐलान कर दिया है।
खेल मंत्रालय ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि भारत और पाकिस्तान किसी भी द्विपक्षीय मैच में हिस्सा नहीं लेंगे, लेकिन भारतीय क्रिकेट टीम को अगले महीने होने वाले बहुपक्षीय एशिया कप में खेलने से नहीं रोका जाएगा। मंत्रालय ने भारत के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कार्यक्रमों से संबंधित नई नीति का भी खुलासा किया, जिसमें पाकिस्तान पर विशेष ध्यान दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार यह नीति तुरंत लागू कर दी गई है। मंत्रालय की नीति में कहा गया है, “पाकिस्तान से जुड़े खेल आयोजनों के प्रति भारत का दृष्टिकोण उस देश के साथ निपटने में उसकी समग्र नीति को दर्शाता है।”
इस नीति के लागू होने के साथ ही यह स्पष्ट कर दिया गया है कि द्विपक्षीय मुकाबले फिलहाल संभव नहीं हैं, लेकिन बहुपक्षीय टूर्नामेंटों में भारतीय टीम अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भाग लेगी।









