
एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट 2025 की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। 9 सितंबर से शुरू होकर 28 सितंबर तक चलने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में क्रिकेट प्रेमियों की नज़रें खासतौर पर 14 सितंबर को भारत-पाकिस्तान के हाई-वोल्टेज मुकाबले पर होंगी, जो दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
लेकिन, टूर्नामेंट से पहले ही आयोजकों ने एक अहम फैसला किया है। अब एशिया कप के 19 में से 18 मैच आधा घंटा देरी से शुरू होंगे। पहले मुकाबले भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होने थे, लेकिन अब ये रात 8 बजे (स्थानीय समय 6:30 बजे) से खेले जाएंगे।
यह बदलाव खाड़ी देशों की सितंबर की भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए किया गया है, जहां तापमान अक्सर 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच जाता है। खिलाड़ियों और दर्शकों की सहूलियत को देखते हुए क्रिकेट बोर्ड्स के अनुरोध पर ब्रॉडकास्टर्स ने भी इस फैसले को मंजूरी दे दी है।
हालांकि, 15 सितंबर को अबू धाबी में होने वाले यूएई और ओमान के मैच की टाइमिंग जस की तस रहेगी। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे से शुरू होगा।









