
Bigg Boss Malayalam 7: मलयाम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता मोहनलाल 65 साल की उम्र में भी बड़े पर्दे पर लीड एक्टर के रूप में काम कर रहे हैं और अपने फैंस का दिल जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं. फिलहाल मोहनलाल बिग बॉस मलयाम के 7वें सीजन को होस्ट करते हुए दिखाई दे रहे हैं. इसका नया सीजन हाल ही में शुरू हुआ है और इसके एक हालिया एपिसोड में अभिनेता एक कंटेस्टेंट पर जमकर भड़क गए और सबके सामने उसकी क्लास लगा दी.
मोहनलाल ने बिग बॉस मलयालम 7 में समलैंगिकता विरोधी कमेंट्स को सहन नहीं किया और एक कंटेस्टेंट की घर में ही सबके सामने बोलती बंद कर दी. अभिनेता इस बात से इस कदर नाराज हो गए कि उन्होंने कंटेस्टेंट को घर से निकलने और शो छोड़ने तक के लिए भी कह दिया था.
किस बात पर भड़के मोहनलाल?
हाल ही में वीकेंड के एक एपिसोड में लक्ष्मी नाम की एक कंटेस्टेंट ने घर की दो अन्य सदस्य अधीला और नूरा, जो समलैंगिक संबंध में हैं, उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. लक्ष्मी ने दोनों के शो में आने को लेकर सवाल खड़े करते हुए कहा था, ”उनका लोगों के घरों में स्वागत नहीं किया जाएगा.” मोहनलाल, लक्ष्मी के इस कमेंट पर भड़क गए और उनकी सबके सामने खिंचाई कर डाली.
एक्टर ने दी शो छोड़ने की नसीहत
लक्ष्मी को बीच में टोकते हुए मोहनलाल ने कहा, ”कौन लोग हैं जो घर में स्वागत के लायक नहीं हैं?” लक्ष्मी इस पर अपनी बात दोहराने लगी लेकिन मोहनलाल ने अधीला और नूरा का पक्ष लेते हुए कहा, ”मैं उनका अपने घर में स्वागत करूंगा. यहां ऐसे कमेंट्स से सावधान रहना चाहिए. आपको क्या हक है कि आप कहें कि घर में किसे आने दिया जाए? अगर आप उन्हें बर्दाश्त नहीं कर सकतीं, तो घर से निकल जाइए, शो से बाहर निकल जाइए.”

मोहनलाल को मिला तगड़ा सपोर्ट
मोहनलाल द्वारा अधीला और नूरा का पक्ष लेने पर एक्टर की तारीफ हो रही है. सीजन 4 के कंटेस्टेंट डॉ. रॉबिन राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया पर लिखा. ”लाल सर, रोंगटे खड़े हो गए, प्वोलीचु. (उन्होंने कमाल कर दिया).” सीजन 5 की कंटेस्टेंट, अभिनेत्री और ट्रांसजेंडर कार्यकर्ता नादिरा मेहरिन ने लिखा, “लालेटन (बड़ा भाई) ने वही कहा जो पूरे समाज को कहना था.” इसके अलावा सोशल मीडिया पर फैंस भी मोहनलाल के इस कदम की जमकर सराहना कर रहे हैं.









