
पटना। बिहार में विधानसभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। सूत्रों के मुताबिक चुनाव आयोग अगले महीने अक्टूबर 2025 के दूसरे हफ्ते में तारीखों का ऐलान कर सकता है। मतदान नवंबर में दो या तीन चरणों में संपन्न होने की संभावना जताई जा रही है, जबकि मतगणना 15 से 20 नवंबर के बीच हो सकती है।
पूजा के बाद बिगुल बजेगा चुनाव का
जानकारी के अनुसार, चुनाव कार्यक्रम का ऐलान दुर्गा पूजा और दशहरा के बाद किया जाएगा, जबकि मतदान की तारीखें छठ पूजा के बाद रखी जाएंगी। चुनाव आयोग इस बार तय समयसीमा यानी 22 नवंबर से पहले पूरी प्रक्रिया संपन्न कराना चाहता है।
वोटर लिस्ट में बड़े बदलाव
इस बार मतदाताओं की संख्या पिछली बार से कम होगी। पहले बिहार में लगभग 8 करोड़ वोटर थे, लेकिन एसआईआर प्रक्रिया के बाद लाखों नाम सूची से हटा दिए गए हैं। चुनाव आयोग का कहना है कि केवल डुप्लीकेट और मृत मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, हालांकि विपक्ष ने इस पर सवाल उठाए हैं और मतदाता संख्या घटाने पर आपत्ति दर्ज कराई है।
राजनीतिक सरगर्मी तेज़
आधिकारिक ऐलान से पहले ही बिहार में सियासत गरमा चुकी है।
- एनडीए लगातार सम्मेलन और बैठकों के ज़रिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर रहा है।
- वहीं इंडिया गठबंधन के नेता “वोटर अधिकार यात्रा” निकालकर जनता को साधने की कोशिश में जुटे हैं।
बीते बुधवार (3 सितंबर 2025) को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री ने बिहार भाजपा नेताओं के साथ रणनीति बैठक भी की थी।









