
मुंबई में शुक्रवार को बॉम्बे हाईकोर्ट परिसर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अदालत प्रशासन को आधिकारिक ई-मेल पर बम धमाके की धमकी मिली। ई-मेल में दावा किया गया था कि कोर्ट बिल्डिंग के अंदर विस्फोटक रखा गया है।
जैसे ही सूचना मिली, सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड तुरंत मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर को खाली कराया गया। जज, वकील, कर्मचारी और litigants सभी को बाहर निकालकर इमारत की सघन तलाशी शुरू की गई।
करीब एक घंटे तक चली तलाशी अभियान के दौरान परिसर के हर कोने को खंगाला गया, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद स्पष्ट हो गया कि धमकी सिर्फ फर्जी थी।
अधिकारियों ने बताया कि हाल के दिनों में मुंबई के कई अहम संस्थानों और स्कूलों को भी इसी तरह की फर्जी बम धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, लेकिन सतर्क रहें।
पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि धमकी भरा ई-मेल किसने और कहां से भेजा।









