
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों ने BWF विश्व चैंपियनशिप में शानदार आगाज़ किया है। दिग्गज शटलर पी.वी. सिंधु और एच.एस. प्रणॉय ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर टूर्नामेंट के दूसरे दौर में प्रवेश किया।
पूर्व विश्व चैंपियन सिंधु ने शुरुआती झटकों के बावजूद दमदार वापसी की और बुल्गारिया की कालोयाना नालबांतवा को 23-21, 21-6 से शिकस्त दी। मैच के पहले गेम में सिंधु को कड़ी टक्कर मिली, लेकिन दूसरे गेम में उन्होंने अपने अनुभव और लय के दम पर एकतरफा जीत दर्ज की।
वहीं, 2023 की कांस्य पदक विजेता प्रणॉय ने फिनलैंड के जोआकिम ओल्डॉर्फ को 47 मिनट तक चले मुकाबले में 21-18, 21-15 से हराकर अगले दौर का टिकट हासिल किया। अगले चरण में उनका सामना डेनमार्क के दिग्गज एंडर्स एंटोनसन से होने की उम्मीद है।
सिंधु का अगला मुकाबला थाईलैंड की युवा खिलाड़ी करूपाथेवन लैटशाना से होगा, जो कड़ा चैलेंज साबित हो सकती हैं।
इधर, भारत की मिक्स्ड डबल्स जोड़ी रोहन कपूर और रुत्विका शिवानी गड्डे ने भी जीत की राह पकड़ ली है। उन्होंने मकाऊ की जोड़ी लिओंग आयोक चोंग और एनजी वेंग ची को 18-21, 21-16, 21-18 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया।









