
बरेली। बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पटानी के बरेली स्थित घर के बाहर 12 सितंबर की सुबह हुई गोलीबारी ने इलाके में सनसनी फैला दी। जानकारी के अनुसार, यह हमला रोहित गोदारा-गोल्डी ब्राड़ गैंग के दो सक्रिय सदस्यों द्वारा अंजाम दिया गया था। घटना के बाद बरेली पुलिस और हरियाणा STF ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गैंगस्टरों को पकड़ने के लिए नोएडा और गाजियाबाद में छापेमारी की।
पुलिस के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने सुबह करीब 3:45 बजे दिशा पटानी के घर के बाहर कई राउंड फायरिंग की, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। बरेली कोतवाली में तुरंत मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने CCTV फुटेज और खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच में यह सामने आया कि हमलावरों में से रविंदर रोहतक और अरुण सोनीपत के रहने वाले थे।
बुधवार को गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी में STF और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपियों को घेर लिया। जब आरोपियों ने गोलीबारी शुरू की, तो जवाबी कार्रवाई में दोनों अपराधी मारे गए। इस एनकाउंटर में चार पुलिसकर्मी भी घायल हुए।
दिशा पटानी के पिता जगदीश पटानी ने मीडिया को बताया कि पुलिस ने उन्हें सूचित किया कि उनके घर के बाहर गोलीबारी करने वाले अपराधी एनकाउंटर में मारे गए हैं। हरियाणा STF के वरिष्ठ अधिकारी ने भी दोनों अपराधियों की मौत की पुष्टि की।









