
अमृतसर/पंजाब: राज्यसभा सदस्य और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए शुक्रवार को भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास स्थित गांव भिंडी सैदां का दौरा किया। उन्होंने 13-13 फाउंडेशन के सहयोग से प्रभावित लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाई और डॉ. स्वैमान सिंह की टीम को 2 एम्बुलेंस भेंट की। इसके अलावा बाढ़ से प्रभावित परिवारों में राहत सामग्री भी वितरित की गई।
हरभजन सिंह ने कहा, “इस कठिन समय में बाढ़ प्रभावित परिवारों का साथ देने के लिए हर किसी को आगे आना चाहिए। मैं देश और विदेश में बसे सभी पंजाबियों से अपील करता हूँ कि अपने भाइयों और बहनों के साथ खड़े हों और उनकी जरूरतों को पूरा करने में मदद करें।”
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से पंजाब के लिए दिया गया राहत पैकेज बहुत कम है। इसलिए स्थानीय स्तर पर भी हमें अपने लोगों की मदद के लिए पहल करनी होगी।
इस दौरान स्थानीय प्रशासन और फाउंडेशन की टीम ने भी राहत कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई, जिससे प्रभावित परिवारों को तुरंत राहत मिल सकी।









