
हॉकी एशिया कप के सुपर-4 चरण में भारत ने मलेशिया को 4-1 से हराकर फाइनल की राह लगभग साफ कर ली है। इस मुकाबले में शुरुआत भले ही मलेशिया ने की थी, लेकिन इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने जबरदस्त वापसी करते हुए खेल पर पूरी तरह कब्ज़ा जमा लिया।
मलेशिया की तेज़ शुरुआत, भारत की धमाकेदार वापसी
मैच की शुरुआत में ही भारतीय टीम दबाव में आ गई थी, जब दूसरे मिनट में मलेशिया के शफीक हसन ने गोल दाग दिया। पहले क्वार्टर के अंत तक स्कोर 1-0 रहा और मलेशिया बढ़त बनाए रहा।
दूसरे क्वार्टर में भारत ने खेल की दिशा ही बदल दी। 17वें मिनट में हरमनप्रीत सिंह पेनल्टी कॉर्नर पर चूक गए, लेकिन मनप्रीत सिंह ने अगला मौका भुनाते हुए गोल दाग दिया और स्कोर 1-1 कर दिया। सिर्फ दो मिनट बाद सुखजीत सिंह ने गोल कर भारत को बढ़त दिलाई।
सिर्फ 7 मिनट में तीन गोल
भारतीय आक्रमण ने दूसरे क्वार्टर में मलेशिया की रक्षा को ध्वस्त कर दिया। 24वें मिनट में शिलानंद लाकड़ा ने शानदार गोल कर स्कोर 3-1 कर दिया। महज़ सात मिनट में तीन गोल दागकर भारत ने मैच पर पकड़ मजबूत कर ली।
तीसरे क्वार्टर में भी भारत का दबदबा कायम रहा। 38वें मिनट में विवेक प्रसाद ने चौथा गोल दागा और भारत ने 4-1 की निर्णायक बढ़त हासिल कर ली। आख़िरी क्वार्टर में मलेशिया पूरी कोशिश के बावजूद वापसी नहीं कर सका।
इस जीत के साथ भारत सुपर-4 की प्वॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंच गया है। अब फाइनल की राह लगभग साफ हो गई है। यदि मलेशिया अपने अगले मैच में दक्षिण कोरिया को हरा देता है, तो भारत चीन से हारने पर भी फाइनल में जगह बना लेगा। वहीं, अगर मलेशिया को कोरिया पर जीत मिलती है तो भारत को चीन के खिलाफ कम से कम ड्रॉ खेलना होगा। भारत का आखिरी सुपर-4 मैच 6 सितंबर को चीन से होना है।









