
मनाली, कुल्लू: बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत को आज कुल्लू जिले के मनाली क्षेत्र में स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। भारी बारिश और तबाही के बाद प्रभावित लोगों ने कंगना पर आरोप लगाए कि प्रशासन उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहा। विरोध के दौरान लोग काले झंडे लिए हुए थे और “कंगना वापस जाओ” के नारे लगा रहे थे।
इस दौरान भाजपा नेताओं ने स्थिति को शांत करने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोग शांत नहीं हुए और पुलिस से भी विवाद हुआ। ज्ञात हो कि 25 और 26 अगस्त को कुल्लू और मनाली में मूसलधार बारिश के कारण कई जगहों पर भूस्खलन हुआ था और कई घर क्षतिग्रस्त हो गए थे।
वायरल हुई वीडियो में विरोध कर रहे लोगों की भारी भीड़ दिखाई दे रही है, जो कंगना और उनके साथ आए नेताओं से अपना रोष व्यक्त कर रही है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस अभी स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हैं।









