
भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लियोनेल मेसी की अगुवाई वाली अर्जेंटीना फुटबॉल टीम इस साल भारत का दौरा करेगी। इसकी आधिकारिक पुष्टि शनिवार, 23 अगस्त को देश के फुटबॉल संघ ने की। अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (AFA) के अनुसार, बहुप्रतीक्षित यह इंटरनेशनल फ्रेंडली मुकाबला 10 से 18 नवंबर के बीच केरल में आयोजित किया जाएगा।
लंबे समय से चल रही थी चर्चा
अर्जेंटीना के भारत दौरे की तैयारियां पिछले काफी समय से चल रही थीं। केरल सरकार ने पहले ही संकेत दिया था कि वह फीफा विश्व कप 2026 से पहले टीम को भारत लाने की कोशिश कर रही है। हालांकि अब तक कोई पक्की तारीख तय नहीं की गई थी, लेकिन अब AFA ने इस पर मुहर लगा दी है।
14 साल बाद भारत में अर्जेंटीना
करीब डेढ़ दशक बाद अर्जेंटीना की टीम भारतीय मैदान पर उतरेगी। पिछली बार 2011 में कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में मेसी की मौजूदगी में अर्जेंटीना ने मैच खेला था। इस बार भी प्रशंसकों को स्टार फुटबॉलर मेसी का जादू करीब से देखने का मौका मिलेगा।
मेसी का सुनहरा 2025 सीजन
इस बीच, 2025 का सीजन लियोनेल मेसी के लिए शानदार साबित हो रहा है। मेजर लीग सॉकर (MLS) में इंटर मियामी के लिए खेलते हुए उन्होंने क्लब इतिहास में सर्वाधिक गोल और असिस्ट देने वाले खिलाड़ी का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। इसके साथ ही, मेसी ने फुटबॉल इतिहास में एक अनोखा कीर्तिमान रचते हुए तीन अलग-अलग क्लबों के लिए सर्वाधिक गोल और असिस्ट करने वाले खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया।









