
पंजाब के लुधियाना में चीमा चौक के पास लिंक रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर देर रात तीन अज्ञात बदमाशों ने लूट की कोशिश की। लुटेरों ने पेट्रोल पंप पर जमकर तोड़फोड़ की और कैशियर के ऑफिस का शीशा भी ईंट से तोड़ दिया। पंप मालिक के मुताबिक, यह पिछले चार महीनों में तीसरी वारदात है। इससे पहले एक बार पंप के कर्मचारी पर भी हमला किया गया था, जिसमें उसे चोट आई थी। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
ईंट से तोड़ा कैश काउंटर का शीशा
पंप मालिक कुलवंत सिंह ने बताया कि रात करीब 12:30 बजे तीन बदमाश पेट्रोल पंप पर आए। उन्होंने पहले पंप की ओर ईंट फेंकी, फिर कैश काउंटर की खिड़की पर ईंट मारी। पंप कार्यालय में शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक नकदी रखी जाती है, इसी कारण बदमाशों ने वहां निशाना साधा। लेकिन सुरक्षा गार्डों को देख वे मौके से भाग निकले।
निजी सुरक्षा के बावजूद वारदातें जारी
मालिक ने बताया कि पंप की सुरक्षा के लिए दो निजी गार्ड तैनात किए गए हैं, जो समराला चौक से चीमा चौक तक गश्त करते हैं। जब बाइक पर गश्त कर रहे गार्डों ने बदमाशों को तोड़फोड़ करते देखा तो उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे भाग निकले। पुलिस के रवैये पर सवाल उठाते हुए कुलवंत सिंह ने कहा, “जब हम पुलिस के पास जाते हैं, तो वे कहते हैं कि अगर आपको किसी पर शक है तो बताओ। अगर हमें ही पकड़ना है, तो फिर पुलिस का क्या फायदा?”
पहले भी हो चुकी है गंभीर घटना
उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले एक चोर को पकड़कर कर्मचारियों ने खंभे से बांध दिया था, बाद में उसकी मौत हो गई। उस मामले में पुलिस ने तीन कर्मचारियों को जेल भेज दिया। पंप मालिक का कहना है कि पुलिस को बताना चाहिए कि जब चोरी की घटनाएं लगातार हो रही हैं, तो हम अपनी सुरक्षा कैसे करें।









