
सिडनी: ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज़ गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। स्टार्क का यह फैसला उस समय आया है जब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अक्टूबर में होने वाली सीरीज़ के लिए टीम का ऐलान किया है।
स्टार्क ने अपने करियर में ऑस्ट्रेलिया के लिए 65 टी20 मैच खेले और 79 विकेट हासिल किए। उनका नाम ऑस्ट्रेलिया के सबसे सफल टी20 गेंदबाजों में शामिल है। उनसे अधिक विकेट सिर्फ लेग स्पिनर एडम ज़म्पा के नाम दर्ज हैं।
स्टार्क की गिनती उन गेंदबाजों में होती है जिन्होंने 2021 में ऑस्ट्रेलिया को पहली बार टी20 विश्व कप जीताने में अहम योगदान दिया। हालांकि 35 साल की उम्र में उन्होंने तय किया है कि अब वह अपने करियर का शेष समय टेस्ट और वनडे प्रारूप को समर्पित करेंगे।
अपनी घोषणा में स्टार्क ने कहा,
“टेस्ट क्रिकेट हमेशा मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता रहा है। मैंने टी20 क्रिकेट का आनंद लिया है, खासकर 2021 वर्ल्ड कप का। लेकिन आने वाले भारत दौरे, एशेज सीरीज़ और 2027 वनडे विश्व कप के मद्देनज़र मुझे लगता है कि यह सबसे सही कदम है।”
स्टार्क ने यह भी कहा कि उनके संन्यास से युवा गेंदबाजों को आगामी टी20 विश्व कप 2026 से पहले खुद को तैयार करने का मौका मिलेगा।









