
पटना में शुक्रवार को भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प हुई। यह घटना उस समय हुई जब भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपशब्द कहे जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे।
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय ‘सदाकत आश्रम’ पर धावा बोल दिया। आरोप है कि उन्होंने कांग्रेस कार्यालय का गेट तोड़कर अंदर घुस गए, कार्यालय में खड़ी गाड़ियों को क्षतिग्रस्त किया और ईंट-पत्थर चलाए। इस संघर्ष में कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चोटें आईं, जिसमें एक का सिर फटने की खबर भी है।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठियां चलाईं और ईंट-पत्थर भी बरसाए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पटना पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा और दोनों पक्षों को मौके से हटाकर स्थिति पर काबू पाया गया।
इस प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ता सदाकत आश्रम तक मार्च करते हुए राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के अन्य नेताओं के खिलाफ नारेबाजी भी कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, यह विरोध दरभंगा में बुधवार (27 अगस्त) हुई मतदाता अधिकार रैली के सिलसिले में था, जिसमें राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की मौजूदगी में मंच से प्रधानमंत्री मोदी और उनकी मां के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया था। हालांकि, उस समय राहुल गांधी और तेजस्वी यादव स्टेज पर उपस्थित नहीं थे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।









