Add Your Heading Text Here

HomeEntertainmentराष्ट्रपति ने राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में बॉलीवुड और साउथ स्टार्स को किया सम्मानित

नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विज्ञान भवन में आयोजित 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में भारतीय सिनेमा के विभिन्न क्षेत्रों के कलाकारों और फिल्म निर्माताओं को सम्मानित किया। इस मौके पर उन्होंने बॉलीवुड स्टार शाहरुख़ ख़ान, विक्रांत मैसी और रानी मुखर्जी को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान किए, जबकि मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल को उनके पांच दशकों लंबे करियर और 350 से अधिक फिल्मों में योगदान के लिए दादा साहेब फाल्के लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजा गया।

राष्ट्रपति ने समारोह में कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का साधन नहीं बल्कि समाज और देश को जागरूक करने का एक माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि भारतीय सिनेमा विभिन्न भाषाओं और क्षेत्रों को आगे बढ़ा रहा है और महिलाओं पर केंद्रित बेहतरीन फिल्में बन रही हैं, जिनकी सराहना हो रही है।

इस अवसर पर सूचना और प्रसारण मंत्री अश्वनी वैष्णव भी मौजूद रहे। शाहरुख़ ख़ान को फिल्म जवान, विक्रांत मैसी को फिल्म 12वीं फेल और रानी मुखर्जी को फिल्म मिसिज़ चैटरजी वर्सिज़ नॉर्वे के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता-अभिनेत्री का पुरस्कार मिला।

फिल्म निर्माता विधु विनोद चोपड़ा को 12वीं फेल के लिए सर्वश्रेष्ठ फिल्म और करण जौहर व अपूर्वा मेहरा को रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के लिए सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार सुधीप्तो सेन को द केरल स्टोरी के लिए और सामाजिक, राष्ट्रीय व पर्यावरणीय मूल्यों को बढ़ावा देने वाली सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार सैम बहादुर के लिए मेघना गुलजार और रॉनी स्क्रिवाला को दिया गया।

सानिया मल्होत्रा की फिल्म कटहल: ए जैकफ्रूट मिस्ट्री को सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म का पुरस्कार मिला। साल 2023 की हिट फिल्म एनीमल ने सर्वश्रेष्ठ साउंड डिज़ाइन, सर्वश्रेष्ठ बैकग्राउंड म्यूजिक और री-रिकॉर्डिंग मिक्सिंग में अवॉर्ड अपने नाम किए।

विभिन्न श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफर, महिला पृष्ठवर्ती गायिका, सहायक अभिनेता-अभिनेत्री और बाल कलाकारों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नाल 2 को सर्वश्रेष्ठ बाल फिल्म का पुरस्कार दिया गया।

About Author

Posted By City Home News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *