
मुंबई: लोकप्रिय टीवी और फिल्म अभिनेत्री प्रिया मराठे, जिन्हें ज़ी टीवी के शो पवित्र रिश्ता में वर्षा सतीश की भूमिका के लिए सबसे ज़्यादा याद किया जाता है, का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। प्रिया पिछले एक साल से कैंसर से जूझ रही थीं। वह 38 वर्ष की थीं।
23 अप्रैल 1987 को मुंबई में जन्मी प्रिया ने अपनी पढ़ाई भी इसी शहर से पूरी की और इसके बाद अभिनय की दुनिया में कदम रखा। उन्होंने मराठी धारावाहिक या सुखन्योया और चार दिवस सासुचे से अपने करियर की शुरुआत की। हिंदी टीवी में उनका पहला अहम किरदार बालाजी टेलीफिल्म्स के शो कसम से में विद्या बाली का रहा। इसके बाद उन्होंने कॉमेडी सर्कस के पहले सीज़न में भी हिस्सा लिया। प्रिया को असली पहचान बड़े अच्छे लगते हैं (सोनी टीवी, 2012) में ज्योति मल्होत्रा और पवित्र रिश्ता में वर्षा सतीश के रूप में मिली।
उनकी टीवी यात्रा में तू तिथे मी, भागे रे मन, जयस्तुते और भारत का वीर पुत्र – महाराणा प्रताप जैसे शो भी शामिल रहे। टीवी के साथ-साथ उन्होंने फिल्मों में भी काम किया। 2008 में वह हिंदी फिल्म हमने जीना सीख लिया में नजर आईं। मराठी फिल्म ती आणि इतर (निर्देशक गोविंद निहलानी) में उन्होंने सुबोध भावे, सोनाली कुलकर्णी और अमृता सुभाष जैसे कलाकारों के साथ अहम भूमिका निभाई।









