
चंडीगढ़ – पंजाब में हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने घोषणा की है कि सरकार डेढ़ महीने के भीतर-भीतर सभी प्रभावित लोगों तक मुआवजा राशि पहुँचा देगी। उन्होंने कहा कि पहला चेक एक महीने के अंदर जारी कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने डिप्टी कमिश्नरों के साथ वर्चुअल बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट किया कि 30 से 40 दिनों में विशेष गिरदावरी पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दिवाली तक हर परिवार को उनका हक मिल जाएगा और किसी का भी चूल्हा बुझने नहीं दिया जाएगा।
मुआवजे की राशि तय
सरकार ने मुआवजे की दरें भी स्पष्ट कर दी हैं:
- फसल नुकसान: 20,000 रुपये प्रति एकड़
- मजदूर सहायता: अलग से मदद राशि
- पशु हानि: 37,500 रुपये प्रति पशु
- गिरे हुए मकान: 40,000 रुपये प्रति घर
मुख्यमंत्री मान ने साफ कहा कि जब तक प्रभावित परिवारों को उनका पूरा मुआवजा नहीं मिल जाता, वे खुद चैन से नहीं बैठेंगे और अधिकारियों को भी चैन से बैठने नहीं देंगे।
पंजाब सरकार का यह कदम न सिर्फ़ किसानों और मजदूरों को सहारा देगा, बल्कि बाढ़ की मार झेल रहे परिवारों के जीवन को दिवाली से पहले फिर से पटरी पर लाने में मददगार साबित होगा।









