
चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर राज्य के लिए घोषित बाढ़ राहत पैकेज पर कड़ी नाराज़गी जताई है। वड़िंग का कहना है कि 9 सितंबर को प्रधानमंत्री की पंजाब यात्रा से लोगों को बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन घोषित राहत इतनी व्यापक तबाही के मुकाबले बेहद नगण्य साबित हुई।
राजा वड़िंग ने साफ कहा कि यह राजनीति करने का वक्त नहीं है, बल्कि ज़रूरतमंद लोगों की मदद करने का है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पंजाब में आम आदमी पार्टी की नाकामी को उजागर करना चाहती है, लेकिन इस राजनीतिक खींचतान का खामियाजा बाढ़ प्रभावित जनता भुगत रही है।
अपने पत्र में वड़िंग ने प्रधानमंत्री से पंजाब के लिए कम से कम 25,000 करोड़ रुपये का राहत पैकेज जारी करने की अपील की है। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस ने पहले 50,000 करोड़ रुपये की माँग रखी थी, लेकिन अब भी राज्य को न्यूनतम सहायता तत्काल उपलब्ध कराना बेहद ज़रूरी है।









