
यूक्रेन के विदेश मंत्री ने बड़ा दावा किया है कि रूस ने पश्चिमी यूक्रेन में स्थित एक प्रमुख अमेरिकी इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग यूनिट पर हमला किया है। यह इलाका देश के पूर्व और दक्षिण में चल रहे युद्धक्षेत्र से काफी दूर माना जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि यूक्रेन को पश्चिमी सहयोगियों से मिलने वाली अधिकांश सैन्य सहायता इसी क्षेत्र के रास्ते पहुंचाई जाती है।
करीब चार साल से जारी रूस-यूक्रेन संघर्ष को खत्म करने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई कोशिशें हुईं, लेकिन अब तक कोई ठोस परिणाम नहीं निकला है। हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की अलास्का में हुई बैठक बेनतीजा रही। इसके बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने भी वॉशिंगटन में यूरोपीय नेताओं के साथ ट्रंप से मुलाकात कर समाधान की कोशिश की, लेकिन वार्ता से भी कोई नतीजा नहीं निकल पाया।
यूक्रेनी एयरफोर्स ने गुरुवार को दावा किया कि रूस ने इस साल का सबसे बड़ा हवाई हमला अंजाम दिया है। हमले में 574 ड्रोन और 40 मिसाइलें दागी गईं, जिनका अधिकांश निशाना यूक्रेन के पश्चिमी इलाके बने। अधिकारियों के मुताबिक, इस हमले में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 15 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हमले के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बयान जारी कर कहा कि अब तक मॉस्को की ओर से ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि वह युद्ध समाप्त करने के लिए तैयार है। जेलेंस्की ने साफ किया कि दोनों देशों के बीच ठोस वार्ता नहीं हो रही और रूस की ओर से लगातार हमले किए जा रहे हैं।









