
Sanjay Dutt Sunny Deol Net Worth: सनी देओल और संजय दत्त ने हिंदी सिनेमा में बड़ा और खास नाम कमाया है. ये दोनों 80 के दशक के ऐसे सुपरस्टार्स हैं जो आज तक इंडस्ट्री में छाए हुए हैं. सनी और संजय 65 साल की उम्र को पार कर चुके हैं और इस उम्र में भी वो लगातार फिल्में कर रहे हैं. दोनों का करियर बॉलीवुड में 40 साल से ज्यादा हो गया है. इस दौरान उन्होंने शोहरत के साथ-साथ काफी दौलत भी कमाई है. तो चलिए आपको बताते हैं कि आखिर संजू और सनी कितने करोड़ की नेटवर्थ के मालिक हैं?
संजय दत्त और सनी देओल दोनों ने ही अपना करियर लगभग साथ में ही शुरू किया था. संजय का डेब्यू साल 1981 की फिल्म ‘रॉकी’ से हुआ था. वहीं सनी ने 1983 में ‘बेताब’ से डेब्यू किया था. फिल्मी घराने से ताल्लुक रखने वाले ये दोनों ही स्टार्स अपनी पहली ही फिल्म से छा गए थे. इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा.
सनी देओल की नेटवर्थ
सनी देओल 80 और 90 के दशक में कई बेहतरीन फिल्मों में काम कर चुके हैं. आज भी बतौर लीड एक्टर काम कर रहे सनी ने ‘दामिनी’, ‘घातक’, ‘बेताब’, ‘घायल’, ‘बॉर्डर’, ‘गदर’, ‘ गदर 2’, ‘यमला पगला दीवाना’, ‘इंडियन’, ‘जिद्दी’, ‘जीत’ और ‘डर’ सहित यादगार फिल्में दी हैं. पिछली बार ‘जाट’ में नजर आए सनी देओल अब ‘बॉर्डर 2’, ‘लाहौर 1947’ और ‘रामायण’ जैसी बिग बजट फिल्मों में नजर आने वाले हैं. सनी की नेटवर्थ की बात करें तो वो करीब 130 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं.
संजय दत्त की नेटवर्थ
अब बात करते हैं संजू बाबा की नेटवर्थ के बारे में. संजू ने बतौर एक्टर काम करने के अलावा विलेन के किरदार भी निभाए हैं. उन्होंने अपने 44 साल के करियर में ‘साजन’, ‘खलनायक’, ‘रॉकी’, ‘केजीएफ चैप्टर 2’, ‘सन ऑफ सरदार’, ‘अग्निपथ’, ‘धमाल’, ‘लगे रहो मुन्नाभाई’, ‘मुन्नाभाई एमबीबीएस’, ‘वास्तव’, ‘हसीना मान जाएगी’ और ‘दाग: द फायर’ सहित कई शानदार फिल्मों में काम किया है. संजू बाबा अब ‘राजा साहब’ और ‘धुरंधर’ जैसी फिल्मों में दिखाई देंगे. राजा साब में साउथ सुपरस्टार प्रभास लीड रोल में हैं, जबकि धुरंधर में बॉलीवुड सुपरस्टार रणवीर सिंह. रिपोर्ट के मुताबिक संजय दत्त के पास करीब 300 करोड़ रुपये की संपत्ति है.









