
नई दिल्ली: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान ने पंजाब समेत हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में हाल ही में आई भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित कृषि भूमि की स्थिति का जायजा लेने के लिए सोमवार को उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में केंद्रीय कृषि मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए और नुकसान का विस्तृत आकलन प्रस्तुत किया गया।
बैठक के बाद मंत्री चौहान ने स्पष्ट किया कि फसलों के नुकसान का स्थलीय मूल्यांकन करने और किसानों से सीधे संवाद करने के लिए वे जल्दी ही पंजाब का दौरा करेंगे। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि केंद्र सरकार उनके साथ खड़ी है और उन्हें किसी भी तरह के नुकसान के लिए अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
चौहान ने कहा, “इस संकट की घड़ी में किसानों को निराश होने की जरूरत नहीं है। मैं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर किसानों से मिलूंगा, उनके साथ नुकसान और राहत उपायों पर चर्चा करूंगा। हमारा उद्देश्य किसानों के विश्वास और सुरक्षा को बनाए रखना है।”
कृषि मंत्रालय ने बताया कि दौरे के दौरान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फसल मूल्यांकन, नुकसान के आंकड़े और राहत उपायों की रणनीति तैयार की जाएगी। इससे प्रभावित किसानों को तत्काल मदद और मुआवजे की प्रक्रिया में तेजी लाने में मदद मिलेगी।









