
वॉशिंगटन/मध्य पूर्व: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक रहस्यमय संदेश पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने कहा कि “मध्य पूर्व में महानता के लिए सभी तैयार हैं।” हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि ट्रंप किस ‘महानता’ की ओर इशारा कर रहे हैं। उन्होंने आगे लिखा, “हमारे पास मध्य पूर्व में वास्तविक अवसर है, और हम इसे पूरा करेंगे।”
इस बयान के ठीक बाद अमेरिका ने गाजा संघर्ष को समाप्त करने के उद्देश्य से 21-नु्क्तीय शांति प्रस्ताव पेश किया। यह प्रस्ताव ऐसे समय में आया है जब इस महीने की शुरुआत में दोहा में हुए इज़राइली हवाई हमलों के बाद इज़राइल और हमास के बीच वार्ता ठप हो गई थी।
अंतरराष्ट्रीय समुदाय के बढ़ते दबाव के बीच यह कदम उठाया गया है। इस दबाव के तहत इज़राइल और वॉशिंगटन दोनों ने युद्ध समाप्ति की दिशा में पहल की। इस संघर्ष की शुरुआत 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमले के बाद हुई थी, जिसमें लगभग 1,200 इज़राइली नागरिक मारे गए। इसके जवाब में इज़राइल ने गाजा एन्क्लेव पर भारी बमबारी की, जिसके चलते गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार 66,000 से अधिक फ़िलिस्तीनी नागरिकों की मौत हुई।









