
भारतीय निर्यातकों के लिए एक बड़ा झटका सामने आया है। अमेरिका ने घोषणा की है कि 27 अगस्त, बुधवार से भारतीय वस्तुओं पर अतिरिक्त 25% आयात शुल्क लगाया जाएगा। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश के बाद यह फैसला लिया गया है। अमेरिका का आरोप है कि भारत ने रूस से तेल की ख़रीद बंद नहीं की, जिसके चलते यह कड़ा कदम उठाया गया है। इस फैसले के बाद भारतीय उत्पादों पर कुल शुल्क बढ़कर 50% हो जाएगा। इससे भारत के 48.2 अरब डॉलर से अधिक के निर्यात कारोबार पर सीधा असर पड़ने की संभावना है।
अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी विभाग ने सोमवार को नोटिफिकेशन जारी कर बताया कि नया टैरिफ 27 अगस्त को ईस्टर्न डेलाइट टाइम के मुताबिक रात 12 बजकर 1 मिनट से लागू हो जाएगा। आदेश के अनुसार, इस समय के बाद अमेरिका में आयात किए गए या गोदाम से निकाले गए भारतीय उत्पादों पर बढ़ा हुआ शुल्क लगेगा। यह कदम राष्ट्रपति ट्रंप के कार्यकारी आदेश 14329 को प्रभावी बनाने का हिस्सा है।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने पहले ही स्पष्ट किया था कि रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए भारत पर प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं। वहीं, अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने भारत पर आरोप लगाया कि वह रूस से सस्ता तेल खरीदकर अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में बेचकर ‘मुनाफ़ा’ कमा रहा है।
अमेरिका ने केवल भारत ही नहीं, बल्कि ब्राज़ील से आयात पर भी 50% शुल्क लगाने की घोषणा की है। इससे साफ है कि वॉशिंगटन रूस से ऊर्जा सौदों में शामिल देशों पर कड़ा रुख अपना रहा है।









