
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को लेकर बिहार में राजद और कांग्रेस के साझा मंच से की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।
योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखते हुए कहा कि “मां पूजनीय और वरेण्य हैं। वे संस्कृति की पालक और संस्कारों की संवाहक हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर उनकी माता जी के संस्कारों और संघर्षों का गहरा प्रभाव है, जिसकी वजह से वे देश की माताओं-बहनों की पीड़ा को दूर करने के लिए निरंतर कार्यरत हैं।”
उन्होंने आगे लिखा कि उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत अभियान, पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना, पीएम श्री स्कूल और पीएम आवास योजना जैसी ऐतिहासिक योजनाएं इसी संवेदनशील और कल्याणकारी सोच का परिणाम हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की बेटियों का जीवन आसान और सम्मानजनक बना है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारत में मां का स्थान सर्वोच्च था, सर्वोपरि है और हमेशा रहेगा। भारतवासी किसी भी परिस्थिति में मां का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे।









