पंजाब के मोगा बस स्टैंड पर पनबस के कंडक्टर ने एक युवती को पीट दिया। घटना 2 सितंबर की है। इसका वीडियो अभी सामने आया है। इसमें कंडक्टर युवती को बुरी तरह से थप्पड़ जड़ रहा है और युवती चिल्ला रही है। युवती ने पुलिस चौकी फोकल प्वाइंट में इसकी शिकायत दी है। उसने बताया कि वह रोजाना इस बस में सफर करती है। 2 सिंतबर को मोगा में बारिश हो रही थी। इस दौरान उसने कंडक्टर को साफ जगह पर उतारने के लिए कहा तो वह गुस्सा हो गया। दोनों ने बहस होने लगी तो कंडक्टर ने उसे जबरन बस से उतार दिया और थप्पड़ जड़ने शुरू कर दिया। लोगों ने बीच में आकर उसे बचाया जिसके बाद उसने पुलिस ने केस दर्ज करवाया। पीटकर नीचे उतारने लगा, गुस्सा शांत नहीं हुआ तो फिर पीटा
गांव समालसर निवासी मनप्रीत कौर ने बताया कि पनबस के कंडक्टर ने उसे मारपीट करते हुए बस से नीचे उतरा दिया। इस पर भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ। बस से नीचे उतरकर उसके साथ फिर मारपीट करने लगा। वहां मौजूद लोगों ने बस कंडक्टर की इस करतूत का वीडियो बना लिया। कंडक्टर के खिलाफ केस दर्ज, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस द्वारा आरोपी कंडक्टर के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। थाना सिटी वन के पुलिस इंस्पेक्टर वरुण कुमार ने बताया कि गांव समालसर निवासी मनप्रीत कौर उम्र लगभग 35 वर्ष ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह KFC आउटलेट मोगा में काम करती है। पिछले तीन सालों से रोजाना गांव समालसर से बस द्वारा आना-जाना करती है। 2 सितंबर की सुबह वह पंजाब रोडवेज पनबस (नंबर PB-65-AT-3078) से मोगा आ रही थी। बस का कंडक्टर अमनदीप सिंह पुत्र निर्मल सिंह निवासी गांव मंडेर जिला मानसा पहले भी उसे परेशान करता था। जब बस मोगा बाईपास बाघापुराना पुल के पास पहुंची तो उसने KFC के पास उतरने की बात कही। इस पर कंडक्टर उससे बहस करने लगा। उस समय बारिश भी हो रही थी। युवती ने जब साफ जगह उतारने के लिए कहा तो कंडक्टर ने धक्का देकर बस से नीचे गिरा दिया। गला पकड़कर कमीज फाड़ने का आरोप
थाने में दी गई शिकायत में युवती ने आरोप लगाया कि मारपीट में उसे कई जगह पर चोट लगी है। कंडक्टर ने उसका गला पकड़कर कमीज भी फाड़ दी। मौके पर मौजूद राहगीरों ने उसे बचाया और मोगा के सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया। महिला आयोग ने दिए गिरफ्तारी के आदेश
वीडियो पर संज्ञान लेते हुए पंजाब राज्य महिला कमीशन ने मोगा पुलिस को बस कंडक्टर को गिरफ्तार करने के आदेश दिए हैं। पुलिस चौकी फोकल प्वाइंट में महिला ने अपने बयान दर्ज कराए। पुलिस ने कंडक्टर अमनदीप सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।









