
चंडीगढ़ – पंजाब में आई बाढ़ से हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। सैकड़ों गांव पानी की चपेट में हैं और आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो चुका है। इसी बीच शिरोमणि अकाली दल के प्रधान जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने राज्य और केंद्र सरकार से तुरंत कदम उठाने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि बाढ़ ने पंजाब को गहरे संकट में धकेल दिया है। ऐसे समय में केवल सरकारी बयानों से काम नहीं चलेगा, बल्कि केंद्र और राज्य को मिलकर राहत पैकेज का ऐलान करना चाहिए। ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने साफ कहा कि प्राकृतिक आपदा प्रबंधन के तहत मिलने वाले फंड को तुरंत जारी किया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों और किसानों को सीधी मदद मिल सके।
उन्होंने मुख्यमंत्री को भी चेताया कि मुआवजे की घोषणाओं तक सीमित न रहें, बल्कि सुनिश्चित करें कि जिन किसानों और आम लोगों को बाढ़ ने आर्थिक नुकसान पहुंचाया है, उनकी पूरी भरपाई हो।
अकाली दल के नेता ने कहा—“मंच से सिर्फ भाषण देने या मुआवजे का ऐलान करने से कुछ नहीं होगा। ज़रूरी है कि जमीन पर काम दिखे और प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द राहत मिले।”









