
चंडीगढ़: पंजाब इस समय इतिहास की सबसे गंभीर बाढ़ से जूझ रहा है। राज्य के वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने केंद्र सरकार से आपदा राहत के लिए 60 हजार करोड़ रुपये जारी करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि बाढ़ से लगभग 1,300 गांव प्रभावित हुए हैं और लाखों लोग जीवन संकट का सामना कर रहे हैं।
गुरदासपुर, कपूरथला, अमृतसर, पठानकोट, फिरोजपुर, फाजिल्का और होशियारपुर जिलों में भारी बारिश और बांधों से छोड़े गए पानी के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई है। करीब तीन लाख एकड़ कृषि भूमि, विशेषकर धान की फसल जलमग्न हो गई है, जिससे किसानों को कटाई से पहले ही भारी नुकसान हुआ।
इसके अलावा, बाढ़ में बड़ी संख्या में पशुओं की मौत ने ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति को और अधिक कमजोर कर दिया है। वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि यह बाढ़ पंजाब की अब तक की सबसे भयंकर आपदा है और केंद्र सरकार की तत्काल आर्थिक मदद से ही प्रभावित परिवारों को राहत मिल सकती है।









