
चंडीगढ़: पंजाब में लगातार बारिश और बढ़ती बाढ़ ने राज्य को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया है। पिछले तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण राज्य सरकार की चिंताएँ बढ़ गई हैं। इस बीच, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज संगरूर का दौरा किया और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने मकरोड़ साहिब सहित अन्य प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थानीय नागरिकों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। साथ ही, उन्होंने घग्गर नदी पर बने दो पुलों का निरीक्षण किया और राहत कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया।
अधिकारियों के अनुसार, अब तक पंजाब के सभी 23 जिले बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं और 1400 से अधिक गांव प्रभावित हो चुके हैं। बारिश लगातार हो रही है, जिससे बाढ़ की स्थिति और गंभीर होती जा रही है। प्रशासन ने नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की चेतावनी दी है।









